
अयोध्या: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ता शुक्रवार रात अयोध्या में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (UP polls 2022) के लिए प्रचार के दौरान आमने-सामने आ जाने के बाद आपस में भिड़ गए। इलाके में कानून-व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण में है, जबकि पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
अयोध्या एसएसपी शैलेश पांडेय के मुताबिक महाराजगंज थाना क्षेत्र के कबीरपुर चौराहे के पास प्रचार के दौरान बीजेपी और सपा दोनों उम्मीदवारों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। घटना में एक-दो लोगों को मामूली चोटें आईं और पुलिस कार्रवाई के बाद दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर पथराव और फायरिंग का आरोप लगाया। शैलेश पांडे ने कहा, “हम मामले की जांच कर रहे हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कानून-व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण में है।”
यूपी विधानसभा चुनाव (UP polls 2022) के तीसरे चरण के लिए प्रचार शुक्रवार को समाप्त हो गया, जिसमें सभी दलों के वरिष्ठ नेताओं ने 16 जिलों में फैले 59 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाताओं को लुभाने की आखिरी कोशिश की। तीसरे चरण में 627 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिसमें 2.15 करोड़ से अधिक लोग मतदान करने के पात्र हैं। जिन जिलों में मतदान होगा उनमें हाथरस, फिरोजाबाद, एटा, कासगंज, मैनपुरी, फर्रुखाबाद, कन्नौज, इटावा, औरैया, कानपुर देहात, कानपुर नगर, जालौन, झांसी, ललितपुर, हमीरपुर और महोबा शामिल हैं।
यहभी पढ़े: बिहार: मधुबनी रेलवे स्टेशन पर खाली ट्रेन में भीषण आग, कोई हताहत नहीं
